महाविद्यालय में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन स्कॉलरशिप पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
Date: 24-08-2026
सूरजपुर। शासकीय रेवती रमण मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय सूरजपुर में छात्राओं को अजीम प्रेमजी फाउंडेशन स्कॉलरशिप की जानकारी देने के उद्देश्य से एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को उच्च के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही छात्रवृत्ति की पात्रता आवेदन प्रक्रिया आवश्यक दस्तावेज तथा चयन प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधि सुजित कुमार ने पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से छात्रवृत्ति योजना की विभिन्न प्रक्रियाओं और इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को आवेदन पत्र सही तरीके से भरने एवं निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक दस्तावेज समय पर प्रस्तुत करने का मार्गदर्शन दिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एच.एन. दुबे ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में यह छात्रवृत्ति छात्राओं के लिए एक वरदान साबित होगी। उन्होंने सभी पात्र छात्राओं को बिना किसी झिझक के समयबद्ध तरीके से आवेदन करने का आहवान किया। उन्होंने आगे कहा कि ऐसी योजनाएं छात्राओं के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।